बूढ़ा अमरनाथ यात्री की हार्ट अटैक से मौत
- फोटो : संवाद
पुंछ में बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर आए 68 वर्षीय यात्री की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दिनेश प्रसाद पुत्र राम बृज प्रसाद, निवासी बेलागंज, गया (बिहार) के रूप में हुई है। वह यात्रा के चौथे जत्थे के साथ कल शाम पुंछ पहुंचा था।
देर रात करीब 12 बजे श्री दशनामी अखाड़ा मंदिर में दिनेश प्रसाद को अचानक सांस लेने में परेशानी और सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। साथियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने यात्रा अधिकारी डॉ. पुनीत कार की मदद से उन्हें तत्काल राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ पहुंचाया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
यात्रा अधिकारी डॉ. पुनीत कार और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद शफीक की देखरेख में पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और उसे जम्मू के भगवती नगर स्थित यात्री निवास भेज दिया गया जहां से मृतक के साथ यात्रा पर आए उनके साथियों को शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।
मृतक के साथी अनिल गुप्ता ने बताया कि रात करीब 12 बजे दिनेश प्रसाद की अचानक सांस फूलने लगी और सीने में दर्द हुआ। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मोहम्मद शफीक ने बताया कि दिनेश प्रसाद को दिल का दौरा पड़ा था और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को जम्मू के यात्री निवास भेज दिया गया है।