पुंछ। ऐतिहासिक नगरी पुंछ में बुधवार को एक बार फिर सांप्रदायिक सोहार्द, एकता एवं भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। नगर के नाखांवाले चौराहे के पास स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने पहुंचे मुस्लिम भाईयों को ईद की बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में हिन्दू एवं सिख पहुंचे। वे ईदगाह के बाहर काफी देर तक रहे। नमाज अदा करने के बाद उन्होंने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर ईद की बधाई दी। इस अवसर पर एसएसपी पुंछ युगल मनहास भी मौजूद रहे।
ईदगाह के बाहर जुटे हिन्दू सिखों में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेेटी के प्रधान नरेन्द्र सिंह, सुरजन सिंह, परमजीत सिंह, कमल जीत सिंह, सुखविन्द्रर सिंह आदि मौजूद रहे। जिला सनातन धर्मसभा के उपप्रधान सतीश कुमार सत्ती के साथ जुगल किशोर, प्रदीप खन्ना, राजेश कुमार, सुनील कुमार आदि भी पहुंचे। इन लोगों का कहना था कि पुंछ में यह सदियों पुरानी परंपरा है कि किसी भी समुदाय का कोई भी पर्व अथवा त्योहार हो उसमें सभी समुदायों के लोग भागीदारी करते हैं। उसी परंपरा को आगे बढ़ाया गया है।