पुंछ। पाकिस्तानी गोलाबारी से पीड़ित मेंढर सब डिविजन के गांव गोल्द के लोगों ने उपराज्पाल से हर घर के पास निजी बंकरों का निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गोल्द गांव में ज्यादातर लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं, लेकिन आज तक गांव में एक भी ग्रामीण को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर नहीं दिया गया। इसके कारण जब भी गोलाबारी होती है तो उन्हें लोगों को कच्चे मकानों में शरण लेनी पड़ती है, जो असुरक्षित है।
रविवार को गांव गोल्द में ग्रामीणों की तरफ से बुलाई बैठक में अजीज अहमद ने कहा कि हमारे इलाके में पाकिस्तानी सेना की तरफ से लगभग हर दिन समय असमय भारी गोलाबारी शुरू कर दी जाती है। जिसके कारण हम लोगों को अपनी और अपने परिवारों की जान बचाना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि हमारे घर लकड़ी और टीन की चादरों से बने हुए हैं जो गोलाबारी में किसी भी प्रकार से सुरक्षित नहीं हैं। हम लोग पिछले कई वर्षो बंकरों के निर्माण का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बंकर नहीं बने हैं जबकि हमारे गांव के पीछे वाले गांव में बंकर बन गए हैं लेकिन हमारे गांव में बंकर नहीं बनाए गए हैं। उन्होंने उपराज्यपाल और केन्द्र सरकार से मांग की कि गांव गोल्द में हर घर के पास बंकर निर्माण करवाया जाए और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को प्रधानमंत्री आवास योजना का भी लाभ दिया जाए।