पुंछ। जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात मंगलवार देर शाम को आईजीपी जम्मू भीम सैन तूती और डीआईजी राजोरी पुंछ रेंज तेजिंदर सिंह के साथ पुंछ जिले के दौरे पर पहुंचे। सबसे पहले वह गांव जलास स्थित पुलिस चौकी पहुंचे और वहां से पुलिस अधिकारियों एसएसपी शफकत हुसैन, एएसपी मोहन शर्मा और डीएसपी हेडक्वार्टर नीरज शर्मा के साथ सलोत्री क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने नियंत्रण रेखा पर भारतीय क्षेत्र और पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र पीओजेके के बीच बहने वाली पुलस्त्य नदी सहित उन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सलोत्री में जिला पुलिस अधिकारियों ने डीजीपी को नियंत्रण रेखा और उस पार के क्षेत्रों के बारे में जानकारी प्रदान की। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र से एक महीना पहले पाकिस्तान के कब्जे वाले क्षेत्र से एक मानसिक रूप से कमजोर एक पाकिस्तानी नागरिक नदी पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आया था। जिसे पुलिस और सेना ने दबोचा था और बाद में उसे चक्कां दा बाग की राहें मिलन से उसके वतन लौटाया गया था। सलोत्री से लौटने के बाद डीजीपी ने पुलिस लाइन पुंछ में एसओजी अधिकारियों एवं जवानों का दरबार लगाकर उनसे मुलाकात की।