पुंछ के राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में प्रसव के उपरांत रक्त स्रव से महिला की मोत परिजनों ने चिकित्सकों पर लगाया लापरवाही का आरोप, पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने जांच का दिया आश्वासन
पुंछ। राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में मंगलवार को सुबह तड़के प्रसव के बाद अधिक रक्त स्राव से एक महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
इसका पता चलते ही अस्पताल प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई की। इस बीच राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिंडेंट डॉ. मोहम्मद शफीक अहमद ने भी मृतक महिला के परिजनों से बात कर उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषी पाए जाने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार महिला का शव लेकर घर चले गए। मृतक महिला के पति जावेद अहमद निवासी गांव इस्लामाबाद ने बताया कि उसकी पत्नी आसिया फारूक को प्रसव पीड़ा होने पर दोपहर को उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सामान्य प्रसव होने की बात करते हुए उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया। देर रात उसने सामान्य प्रसव से बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ जाने पर हम बच्चे के साथ लग गए। बच्चे को एसएनसीयू में भर्ती कराया गया। इस बीच आसिया को रक्त स्राव होने लगा। इसके बारे में उसने बार बार चिकित्सकों को बताया पर कोई उचित उपचार नहीं किया गया। इस बीच अधिक रक्त स्राव से आसिया की मौत हो गई। वहीं मेडिकल सुपरिंडेंट डॉ. मोहम्मद शफीक का कहना था कि हम मामले की जांच करेंगे। प्राथमिक तौर पर हमने जांच की है तो पता चला कि चिकित्सकों ने अपनी तरफ से महिला का रक्त स्राव रोकने एवं उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश कि थी। फिर भी अगर कहीं कोई लापरवाही सामने आएगी तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।