पुंछ। विभागीय अधिकारियों ने सोमवार को जिले में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) के कार्यान्वयन की समीक्षा की। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी विकास कुंडल ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के बीच समन्वय को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को लाभान्वित करने वाली प्रमुख सरकारी पहलों को समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
डीसी ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और पीएम-किसान सहित प्रमुख योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों और मौजूदा अंतराल की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अंतराल को पाटने और दोनों योजनाओं के तहत पात्र किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने का निर्देश दिया। लाभ वितरण में देरी से बचने के लिए आवेदन और सत्यापन प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया गया।
डीसी ने पशुपालन और भेड़पालन विभागों के पशुधन टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने पशुधन पर निर्भर परिवारों की आजीविका की सुरक्षा के लिए अधिकतम टीकाकरण कराने के लिए कहा।
इससे पहले अधिकारियों ने एचएडीपी के तहत प्रगति और अपने विभागों के माध्यम से क्रियान्वित की जा रहीं भविष्य की योजनाओं पर अपडेट प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि उत्पादकता बढ़ाने, मूल्य संवर्धन शृंखलाओं को मजबूत करने, मत्स्य पालन, फूलों की खेती और रेशम उत्पादन जैसे संबद्ध क्षेत्रों के विकास और किसानों की पहुंच में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी विभागों से जिलेभर में कार्यक्रम के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सहयोगात्मक रूप से काम करने का आग्रह किया।
बैठक में सीएओ, सीएचओ, मुख्य पशुपालन अधिकारी, जिला भेड़पालन अधिकारी, जिला रेशम उत्पादन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य पालन, सहायक पुष्प कृषि अधिकारी, क्षेत्र ग्रेडिंग और विपणन अधिकारी और कृषि विज्ञान केंद्र पुंछ के जिला प्रमुख शामिल रहे।