पुंछ। नियंत्रण रेखा पर गूंतरियां क्षेत्र में पाकिस्तानी सेना की चौकियों के सामने स्थित साईं मीरां बख्श की जियारत पर शनिवार को वार्षिक उर्स का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और देश में अमन शांति और कोरोना से मुक्ति की दुआ मांगी। जियारत कमेटी की तरफ से लंगर का भी आयोजन किया गया। नियंत्रण रेखा पर जारी संघर्ष विराम के चलते लोग बेखौफ होकर घंटों खुले में बैठ कर समय बिताते नजर आए। गत वर्ष की तरह आज भी नियंत्रण रेखा पर स्थित सांई मीरां बख्श की जियारत पर उर्स का आयोजन किया गया। इसमें सभी समुदायों के लोगों ने भाग लिया। सुबह सबसे जियारत पर चादर चढ़ाई गई और विशेष दुआ मांग गई। जियारत को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं पुरुष और बच्चे जियारत पर सजदा करने एवं दुआएं मांगने पहुंचे। कमेटी की तरफ से लोगों को कोरोना से बचाव के उपाय मास्क, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के लिए आग्रह किया गया। संवाद