पुंछ। खाद्य वितरण एवं उपभोक्ता व खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से नवरात्र और रमजान के शुरू होने पर सोमवार को नगर के बाजारों में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के चालान काटते जुर्माना वसूला गया। साथ ही गले सड़े फल एवं सब्जियां नष्ट की गईं।
खाद्य वितरण विभाग के सहायक निदेशक रंजीत सिंह, टीएसओ मनमोहन सूरी और सहायक निदेशक खाद्य सुरक्षा महमूद चौधरी की अगुवाई में चले इस अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य नियमों का सख्ती से पालन करने का आह्वान करने के साथ उन्हें सभी वस्तुओं को ढक कर रखने, मूल्य सूची प्रदर्शित करने, दुकानों पर बिक्री के लिए निम्न गुणवत्ता का सामान न रखने, ग्राहकों से अधिक मूल्य वसूल न करने और कोेरोना को देखते हुए साफ-सफाई तथा बचाव के उपाय को सही प्रकार से अपनाने के निर्देश दिए गए। सहायक निदेशक ने बताया कि उपायुक्त इंद्रजीत के निर्देश पर नवरात्र एवं रमजान में लोगों को खाने पीने की वस्तुएं उचित मूल्य पर एवं उच्च गुणवत्ता से प्राप्त हों। इस बात को सुनिश्चित करने के लिए छापामार कार्रवाई की गई है। पूरे रमजान में इसी प्रकार अभियान चलाया जाएगा।