पुंछ। सोमवार को जहां देश भर में महिलाओं ने बहन और भाई के प्रेम के प्रतीक पर्व भईया दूज को अपने-अपने घरों में भाइयों के माथों पर तिलक लगा कर उनकी लंबी आयु की कामना की। वहीं पुंछ में भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों ने जिले में नियंत्रण रेख पर देश की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवानों एवं अधिकारियों के साथ भईया दूज का त्योहार मनाया।
इस अवसर पर महिला मोर्चा जिला प्रधान ज्योति भल्ला और जिला महासचिव विरांची शर्मा की अगुवाई में नियंत्रण रेखा पर बीएसएफ शिविर में पहुंचीं। जहां उन्होंने जवानों और अधिकारियों के माथे पर तिलक लगाया, उनकी आरती उतारी और उनका मुंह मीठा कराते हुए ईश्वर से उनकी लंबी आयु की प्रार्थना की। महिला मोर्चा सदस्यों का कहना था कि अपनी बहनों से दूर नियंत्रण रेखा पर देश एवं हमारी सुरक्षा के लिए तैनात इन जवानों के साथ आज हमने भईया दूज मना कर इनकी लंबी आयु की कामना की है। क्योंकि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से लगातार की जा रही गोलाबारी के बीच में हमारे यह भाई यहां डटे हुए हैं। पाकिस्तानी सेना की हर नापाक हरकत को नाकाम बना रहे हैं।