पुंछ में नवरात्रों की अष्टमी पर कन्या पूजन करते हुए महिला,कोराना से बचाव हेतू सभी मास्क पहने हुए
- फोटो : POONCH
पुंछ। कन्या पूजन के साथ ही नवरात्र संपन्न हो गए। कन्या पूजन पर भी कोरोना का संकट देखने को मिला। जहां सात दिन से भक्तों को पूजन के लिए पूरी संख्या में नौ-नौ कन्याएं तक नहीं मिल पाईं, क्योंकि जिनके घरों मं छोटी बच्चियां हैं। उनमें से ज्यादातर लोग बच्चियों को कंजक लेने के लिए घरों से बाहर भेजने से परहेज कर रहे थे।
बल्कि कन्या पूजन की सामग्री उनके घरों में ही बच्चियों को देने का आग्रह कर रहे थे। ऐसे में कन्या पूजन करने के लिए किसी को तीन तो किसी को पांच कन्या ही मिल पाई, जिन्हें घरों में बुला कर उनका पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उधर कन्या पूजन के दौरान कन्याओं और पूजन करने वालों की तरफ से कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु सभी उपाय अपनाते हुए देखे जा रहे थे। जहां कन्याएं और पूजन करने वाली मास्क पहने हुए और पूजन के पूर्व कन्याओं के हाथ साबुन से धुलाते नजर आए। पूजन में सही संख्या में कन्याएं न मिलने से दुखी माता के भक्तों का कहना था कि कोरोना ने इस बार हर किसी पर बुरा असर डाल कर रख दिया है। हमने आज माता रानी से प्रार्थना की है कि वह जल्दी से कोरोना से छुटकारा दिलाएं और पहले की तरह सब कुछ सामान्य कर दें।