- शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय दो दिवसीय कला उत्सव का आगाज
- कक्षा 9वीं से 12वीं कक्षा के 112 विद्यार्थी दिखा रहे प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले में शिक्षा विभाग ने बुधवार को नगर स्थित लड़कों के माॅडल हायर सेकेंडरी स्कूल में दो दिवसीय जिला स्तरीय कला उत्सव का शुभारंभ किया। समग्र शिक्षा अभियान और संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से करवाए जा रहे कार्यक्रम में जिले भर से 9वीं से 12वीं कक्षा के 112 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
पहले दिन नृत्य, गायन और कहानी सुनाने की प्रतियोगिताएं हुईं। यह कार्यक्रम नियंत्रण रेखा पर स्थित जिले के विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति और प्राचीन कलाओं से जोड़े रखने व उनमें छिपी कला प्रतिभाओं को उभारने के लिए करवाया जा रहा है। उत्सव की अध्यक्षता नोडल अधिकारी कला उत्सव युगल किशोर और स्कूल की प्रिंसिपल रूपिंदर कौर ने की। जोनल शिक्षा अधिकारी मंडी अनवर खान और मुख्य शिक्षा अधिकारी पुंछ लाल हुसैन मुख्य अतिथि रहे। विधार्थियों ने नृत्य, कहानी सुनाने और गायन में कला का प्रदर्शन किया। दूरदराज इलाके सावजियां, मनकोट-बालाकोट जोन की छात्राओं ने कथक और किचीपूड़ी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। पुंछ के लोक व टीवी कलाकार प्रदीप खन्ना, खुर्शीद राथर, गुलनाज चौहाल और नृत्यकलाओं में दक्ष शिक्षक सीता शर्मा ने बतौर जज की भूमिका निभाई।