पुंछ। नगर स्थित प्राचीन कालिका माता मंदिर में सात दिनों तक चले नवरात्र उत्सव और महाआरती के अवसर पर शुंकवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंदिर समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंदिर समिति के प्रधान विजय कुमार पुरी और उप-प्रधान ठाकुर कमल सिंह ने की, जबकि डीसी पुंछ विकास कुंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डीसी ने मंदिर में माथा टेककर माता की आरती में शामिल हुए और समिति द्वारा नवरात्र उत्सव एवं महाआरती में सहयोग करने वाले लोगों को माता की चुनरी ओढ़ाकर व नारियल-प्रसाद देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर डीसी पुंछ ने समिति के सदस्यों व श्रद्धालुओं को नवरात्र उत्सव के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया और राम नवमी की शुभकामनाएं दीं। वहीं, समिति के प्रधान विजय पुरी ने बताया कि शनिवार को महाआरती के साथ नवरात्र उत्सव का समापन होगा। उन्होंने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी धार्मिक आयोजनों में भी सहभागिता की अपील की।