पुंछ। लगता है पाकिस्तान गोलाबारी से बाज नहीं आने वाला है। उसने नियंत्रण रेखा से सटे अपनी तरफ के इलाकों में मोबाइल नेटवर्क बंद करवा दिया है। ऐसे में लगता है उसकी मंशा भारतीय क्षेत्र में और तबाही मचाने की है। नियंत्रण रेखा पर पीओके के गांवों में रात में अंधेरा रहता है। मस्जिदों में अजान के समय चलने वाले लाउड स्पीकर भी बंद रहते हैं। न ही इन दिनों उस पार का कोई आदमी पुलस्त नदी के उस पार अपने पशु चराने ही आता है। पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के गांव सुआनाढ़ के ग्रामीणों ने बताया कि यह सब पाकिस्तानी सेना के इशारे पर किया जा रहा है। लोगों को रात में बिजली बंद रखने के लिए कहा गया है, ताकि ऐसा लगे कि गांव पूरी तरह खाली पड़े हुए हैं।