पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने वीरवार की सुबह तड़के एक बार फिर नापाक हरकत को दोहराते हुए नियंत्रण रेखा पर करमाड़ा में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर करीब आधा घंटा गोलीबारी की। सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब पांच बजे पाकिस्तानी सेना की 41 बलोच रेजिमेंट ने सेना की 15 मराठालाई की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर यूनिवर्सल और हैवी मशीनगन से गोलीबारी शुरू कर दी। सेना ने भी उसी क्रम में जवाब देना शुरू कर दिया। इसके चलते करीब आधे घंटे बाद पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी बंद हो गई। इस दौरान पाकिस्तानी सेना की तरफ से दागी गई कई गोलियां लोगों के मकानों को आ लगीं लेकिन इस गोलाबारी में कहीं किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। ब्यूरो