पुंछ। पुलिस और सेना द्वारा सोमवार को 25 लाख 81 हजार 500 रुपये की हवाला रकम के साथ दबोचे गए दो आरोपियों को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेंढर पुलिस और सेना ने नियंत्रण रेखा पर बालाकोट तहसील के फेंसिंग से आगे स्थित गांव दो लोगों मोहम्मद शकील निवासी कांगागली बालाकोट और मोहम्मद इलियास निवासी कांगा बरूती बालाकोट को हवाला रकम के साथ दबोचा गया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ मेंढर थाने में मामला दर्ज किया गया। उसी मामले के आधार पर बुधवार को एसएचओ मंजूर एहमद कोहली की देखरेख में दोनों आरोपियों को मुंसिफ जज के समक्ष पेश किया गया। जहां आरोपियों के खिलाफ मेंढर थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर सरकारी वकील ने जज से दोनों आरोपियों से पूछताछ और मामले को आगे बढ़ाने के लिए हवाला रकम के साथ दबोचे गए आरोपियों के लिए पुलिस रिमांड की अर्जी पेश की। इस पर गौर करते हुए आरोपियों के खिलाफ दर्ज धाराओं पर गौर करने और उनके जुर्म की संगीनता को देखते हुए मुंसिफ जज ने दोनों को दस दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी किए। अब पुलिस इन दोनों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास करेगी कि यह इतनी बड़ी हवाला राशि उनके पास कहां से आई और इस रैकेट में उनके और कौन-कौन साथी हैं।