पुंछ। पुलिस और सेना की 37 आरआर ने अवैध रूप से तस्करी कर ले जाई जा रही शराब की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान शराब की 64 बोतलों सहित एक वाहन को जब्त कर थाना पहुंचाया। जबकि वाहन चालक तस्कर मौके से फरार हो गया। इस घटना को लेकर पुलिस ने मेंढर थाने में अज्ञात शराब तस्कर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को एसएचओ मेंढर मंजूर कोहली के निर्देश पर पुलिस और सेना की 37 आरआर की तरफ जुगाल बनोला सड़क पर नाका लगाया गया था। इस दौरान मार्ग पर आ रही वैन नंबर पीबी 08 ए के 4417 के चालक ने नाके को देखा तो नाके से कुछ दूरी पर वैन को सड़क में ही खड़ा कर फरार हो गया। जब नाके पर मौजूद जवानों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 17 बोतल व्हिस्की और 47 बोतल ट्रिपल एक्स रम बरामद हुई। पुलिस ने वैन और शराब को सीज कर मेंढर थाने पहुंचाया। जबकि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।