पुंछ में फ्लाइंग स्क्वायड की गाड़ी पर फेंका गया ग्रेनेड, जो नहीं फटा।
पुंछ। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कलाई क्षेत्र में वीरवार रात नाके पर लगी पुलिस की फ्लाइंग स्क्वायड के टाटा सूमो वाहन पर किसी ने ग्रेनेड से हमले की कोशिश की। ग्रेनेड फटा नहीं, जिसके कारण मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रमेश अंगराल, डीएसपी आपरेशन मुनीष शर्मा और एसएचओ एसडी सिंह एसओजी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रेनेड बरामद कर लिया। क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन ग्रेनेड फेंकने वाले का कोई सुराग नहीं लगा।
एसएसपी रमेश अंगराल ने बताया कि कलाई में नाके पर मौजूद फ्लाइंग स्क्वायड की गाड़ी पर किसी शरारती तत्व ने ग्रेनेड फेंका। ग्रेनेड गाड़ी पर लग कर सड़क किनारे जा गिरा, लेकिन वह फटा नहीं। पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। वीरवार रात करीब साढे़े नौ बजे पुंछ थाने के अंतर्गत आने वाले कलाई क्षेत्र में जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस के फ्लाइंग स्क्वायड की तरफ से विशेष नाका लगाया था। इस दौरान गाड़ी पर किसी चीज के गिरने की आवाज आई। पुलिस जवानों ने जांच की तो ग्रेनेड बरामद हुआ।
गौरतलब है कि इससे पहले वर्ष 2016 में पुंछ नगर में दशनामी अखाड़ा के बाहर बागड्योढ़ी के पास श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर इसी प्रकार ग्रेनेड हमला किया गया था। इसमें 13 यात्री घायल हो गए थे। उस घटना के बाद भी आज तक एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा। वर्ष 2004 के बाद जिले को आतंकवाद मुक्त घोषित किया गया था। वर्ष 2016 और अब दूसरा ग्रेनेड हमला होने से जिले में आतंकवाद समर्थकों की मौजूदगी को दर्शाता है।