पुंछ। सुरनकोट पुलिस ने मुगलरोड के रास्ते तस्करी कर ले जाए जा रहे 15 पशुओं को मुक्त कराते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो वाहनों को भी सीज किया। पकड़े गए तस्कर की पहचान फहीम एजाज निवासी गांव बैहरोट और निसार अहमद निवासी गांव सुरानाग, थान्ना मंडी राजोरी के रूप में हुई है। डीएसपी खालिक चौधरी और एसएचओ अनिल शर्मा की तरफ से मुगलरोड पर नाका लगाया गया था। इस दौरान राजोरी की तरफ से कश्मीर जा रहे दो लोड कैरियर वाहनों को नाके पर रोका। उनमें पशु लदे पाए गए। चालकों से पशुओं को ले जाने की अनुमति के बारे में पूछा गया तो वह अनुमति दिखा नहीं पाए। पुलिस ने दोनों वाहनों को सीज कर पशुओं को मुक्त कर दिया।