पुंछ। पहलगाम आतंकी हमले के बाद कश्मीर के साथ साथ जम्मू प्रांत में आतंकियों का सफाया करने के लिए सुरक्षाबलों की तरफ से चलाए जा रहे अभियानों में तेजी लाई गई है।
रविवार को पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के लसाना, सेनईटाप और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षाबलों रोमियो फोर्स, पुलिस और एसओजी की तरफ से एएसपी मोहन शर्मा की अगुवाई में दिन भर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। जो देर रात समाचार लिखे जाने तक जारी था। हालांकि दिन भर में सुरक्षाबलों को आतंकियों के खिलाफ किसी प्रकार की कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। गौरतलब है कि लसाना में क्षेत्र में करीब 13 दिन पूर्व आतंकियों एवं सेना के बीच गोलीबारी के बाद आतंकियों के फरार हो जाने के बाद से ही सुरक्षाबलों की तरफ से क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं।