पुंछ। जिले में कोरोना के पॉजिटव मामले तेजी से बढ़ते नजर आए। इसमें जिले में एक दिन में आठ नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 59 हो गई है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के मामलों की गति एकाएक बढ़ जाने से जहां आम लोगों में भय है। वहीं अब प्रशासन के लिए भी परेशानियां बढ़ गई हैं।
एक तरफ जहां कुल 59 मामलों में 55 लोग ऐसे हैं जिनकी ट्रैवल हिस्ट्री है और वह क्वारंटीन में हैं या समय पूरा करने के बाद पॉजिटिव आए हैं वहीं दो गर्भवती के पॉजिटिव आ जाना बड़ी समस्या है, जिससे कोराना संक्रमण का सामुदायिक फैलाव का खतरा बढ़ गया है। एक तो इन गर्भवती की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। दूसरा यह दोनों ही अपने घर गांव में रह रही थीं, जिससे उनके संपर्क की संख्या में काफी कम होगी। हालांकि जिला प्रशासन की तरफ से मंगलवार देर शाम को दूसरी गर्भवती की कोरोना संक्रमण की रिपोर्ट आ जाने के साथ ही कई प्रकार के कदम उठाने के साथ ही उक्त महिला के संपर्क का पता लगाकर उनके कोरोना संक्रमण के नमूने लेने का अभियान भी शुरू करा दिया है, लेकिन इस प्रकार के मामलों के सामने आने से उन गांव के लोग काफी डरे हुए हैं।