पुंछ। पुंछ में भी रविवार को कोरोना कर्फ्यू को सात दिन के लिए बढ़ा दिया गया। इसको लेकर देर शाम को उपायुक्त इंद्रजीत ने नया आदेश जारी कर दिया है। आदेश में कोरोना कर्फ्यू को पहले से भी अधिक सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अब जिले में किराना की दुकानें भी हर दिन सुबह 7 से 11 बजे तक चार घंटों के लिए खोली जाएंगी। जबकि किराना होलसेल की दुकानें सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह दो घंटे के लिए खुलेंगी। इसके साथ ही जो लोग घर आदि का निर्माण कार्य कराना चाहते हैं नए आदेश में उनके लिए भी अच्छी खबर है कि अब सप्ताह में दो दिन मंगलवार और वीरवार को सीमेंट, सरिया सहित भवन निर्माण के सामान और हार्डवेयर की दुकानें सप्ताह में दो दिन खोली जाएंगी। कोरोना कर्फ्यू को बढ़ाए जाने के आदेश जारी होने के साथ ही रविवार शाम छह बजे से पुलिस की तरफ से हर मुख्य मार्ग, चौक चौराहे और बाजार में पुलिस जवानों को तैनात करने के साथ ही कोरोना कर्फ्यू को बढ़ाए जाने की एनाउंसमेंट की जाने लगी। ताकि जो लोग सोमवार को सुबह सात बजे कर्फ्यू खुलने का इंतजार कर रहे थे। उन्हें कर्फ्यू आगे बढ़ाए जाने की जानकारी प्राप्त हो सके। कर्फ्यू के दौरान आपातकालीन सेवाओं को छोड़ कर अन्य सभी प्रकार की सेवाएं बंद रहने, जिले में दवाइयों की दुकानों को दिन भर खोलने की भी घोषणा की जा रही थी।