पुंछ। उपायुक्त इंद्रजीत ने रविवार को कोविड मैनेजमेंट को लेकर जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंनेस्वास्थ्य, पुलिस व अन्य विभाग के अधिकारियों के साथ अनेक मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक मेें उपायुक्त ने जिले में कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा करते हुए संक्रमितों की संख्या और उनकी देखभाल हेतु अपनाए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कोरोना की जांच हेतु टेस्ट करने की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही कोरोना टीकाकरण में भी तेजी लाई जाए। इसके अतिरिक्त जिले में बाहर से आने वाले लोगों के सौ प्रतिशत टेस्ट हों। इसके लिए पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग मिल कर काम करें। साथ ही पड़ोसी जिले राजोरी अथवा जम्मू के प्रशासन से संपर्क कर प्रयास करें कि वहां से आने वाले लोगों का वहीं से टेस्ट किया जाए। ज्यादा नहीं तो 50 प्रतिशत लोग वहां से आने से पहले टेस्ट करा कर आएं, जिससे बिंबर गली में हमारे कोरोना टेस्ट सेंटर पर बोझ कम हो सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों के साथ ही जिले भर में कोरोना से बचाव के उपायों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।