लोगों में कोरोना सुरक्षा किट्स वितरित की
पुंछ। सुरनकोट पुलिस की तरफ से तहसील के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को शनिवार को कोरोना महामारी से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सुरक्षा किट्स वितरित की। ताकि इस सर्दी में कोरोना के मामले बढ़ने से रोके जा सकें। विशेष कर वित्तीय तौर पर कमजोर यह लोग कोरोना संक्रमण से बचे रहें।
इस उपलक्ष्य में शनिवार दोपहर को सुरनकोट थाने में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के गरीब परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया। इसकी अध्यक्षता एसएचओ सुरनकोट अनिल कुमार शर्मा ने की। उन्होंने बारी-बारी से लोगों में कोरोना किट्स वितरित की। एसएचओ ने बताया कि पुलिस हेडक्वार्टर की तरफ से हमें जिले के गरीब एवं जरूरतमंदों को कोराना से सुरक्षा का सामान प्रदान करने के निर्देश दिए थे। आज हमने एसएसपी रमेश अंगराल के निर्देश पर सुरनकोट तहसील क्षेत्र के चयनित किए गए पीपीएल परिवारों के लोगों में कोविड किट्स बांटी हैं। इनमें सैनिटाइजर, मास्क, फेस शील्ड, साबुन, आक्सीमीटर, थर्मामीटर आदि है। हमने जिन लोगों को किट्स दी हैं उन्हें इनके प्रयोग के तरीके बताने के साथ ही उन्हें कोरोना से सुरक्षा हेतु जागरूक भी किया गया है। उधर पुलिस की तरफ से मुफ्त कोरोना किट्स दिए जाने पर पुलिस और एसएचओ सुरनकोट का आभार प्रकट करते हुए लोगों ने कहा कि इन किट्स से हमें और हमारे परिवार को काफी लाभ मिलेगा।