पुंछ। 15 दिन बीत जाने के बाद भी मंडी कस्बे में लॉकडाउन शुक्रवार को भी जारी रहा। गत दिनों की तरह कस्बे में सभी बाजार पूरी तरह बंद रहे और आवाजाही प्रतिबंधित रही। इस दौरान जगह-जगह सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया। जो कस्बे की सभी मुख्य सड़कों पर तैनात रह कर किसी भी वाहन अथवा पैदल यात्री को कस्बे में प्रवेश नहीं करने दे रहे थे।
इतने दिनों से लगातार लॉकडाउन जारी रहने से घरों में बंद रह कर परेशान हो रहे। लोगों की तरफ से प्रशासन से लॉकडाउन में छूट देने की मांग भी की गई परन्तू तैहसील प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इसको देखते हुए संक्रमण की कड़ी तोड़ने और उसके सामाजिक फैलाव को रोकने के लिए लॉकडाउन जारी रखा गया है। क्योंकि अकेले मंडी कस्बे में अभी तक दो सौ के करीब कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इनमें से अभी तक 79 के करीब संक्रमित लोग स्वास्थ्य लाभ भी पा चुके हैं। क्षेत्र में अभी संक्रमण को रोकने के लिए इस प्रकार के उपायों की जरूरत है। तहसील प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने, घरों में रहने और कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए बताए गए उपायों का पालन करने का आह्वान किया है।