पुंछ। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ते नजर आए। इसके चलते बुधवार को जिले में नौ लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें एक 13 वर्षीय बच्चा, एक गर्भवती, एक डॉक्टर, एक एफएमपीडब्ल्ब्यू, एक शिक्षक और एक सुरनकोट कस्बे में दुकान पर काम करने वाला युवक शामिल है।
इस प्रकार क्वारंटीन के बाहर से एक साथ एक दिन में इतने मामले आने से जहां लोगों में दहशत है। वहीं इन मामलों को देखते हुए प्रशासन के भी हाथ पांव फूलते नजर आ रहे हैं। आज आए नए मामलों के साथ ही जिले में कोरोना के कुल 206 मामले हो गए हैं। इनमें से 140 संक्रमित स्वास्थ्य लाभ पा चुके हैं। जबकि 61 एक्टिव पॉजिटिव मामले मौजूद हैं । क्वारंटीन के बाहर से इस प्रकार के मामले आने के बाद जिला मजिस्ट्रेट राहुल यादव ने तत्काल प्रभाव से जिन क्षेत्रों में लोग पॉजिटिव पाए गए हैं उनमें पाबंदियां और लॉकडाउन लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं उस सभी क्षेत्रों के बीच लोगों एवं वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।