पुंछ में कोरोना की जांच कराते उपायुक्त राहुल यादव।
पुंछ। एक तरफ जहां कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। उसके बाद कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए नगर में लॉकडाउन कर दिया गया। वहीं उपायुक्त कार्यालय पर एक विषेष अभियान चलाते हुए कार्यालय में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण की जांच हेतु सैंपल एकत्र किए गए। इसमें सबसे पहले उपायुक्त राहुल यादव ने अपने सैंपल जमा कराए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद दो बजे उपायुक्त राहुल यादव के आदेश पर राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल से एक एंबुलेंस में कोरोना सैंपलिंग मोबाइल लेबोेरेट्री को डीसी कार्यालय लाया गया। जहां पर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ईएनटी डॉक्टर सुमित महाजन की देखरेख में उपायुक्त सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल जमा किए। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन कोरोन महामारी के संक्रमण के सामुदायिक फैलाव को रोकने के लिए हर प्रकार के कदम उठा रहा है। उसी कड़ी में हमने अपने कार्यालय में सभी का कोरोना टेस्ट कराया है। मेरा लोगों से अनुरोध है कि सभी प्रशासन का सहयोग करें और अपना टेस्ट कराएं ताकि समय रहते संक्रमण का पता लगाकर संक्रमण की रोकथम की जाए। विशेष कर प्रथम श्रेणी में कोरोना में काम करने वाले सबसे पहले अपने टेस्ट कराएं।