पुंछ में कार्रवाई करते पुलिस कर्मी।
पुंछ। जिले में कोरोना के नए आए मामलों में एक बैंक कर्मचारी और एक पुलिस जवान पाजिटिव आया है। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट राहुल यादव ने तत्काल प्रभाव से मंडी तहसील के लोरन स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की लोरन शाखा को सील करा दिया है। जबकि बैंक के आसपास के क्षेत्र लोरन मोहल्ला नायकां और गांव सिब को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। बैंक कर्मचारी यहां का निवासी है।
कोरोना पॉजिटिव आए पुलिसकर्मी के निवास स्थान मोहल्ला काजीमोड़ा वार्ड-1 को आरटीओ कार्यालय से पहलवान शाह जियारत तक के क्षेत्र को भी रेडजोन घोषित करके से साथ ही धारा 144 और पूरा लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। रेडजोन क्षेत्रों के लिए अधिकारियों की तैनाती करने के साथ ही कोरोना संक्रमितों के संपर्क का पता लगा कर उनके टेस्ट कराने के भी निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जिले में अभी तक 184 कोरोना संक्रमित समाने आए हैं। इनमें से 137 संक्रमित स्वस्थ होकर घरों को लौट गए हैं, जबकि एक संक्रमित की मौत हुई है और केवल 37 लोग ही कोरोना संक्रमित हैं।