कांग्रेस पार्टी का दामन थामने के बाद मंगलवार को पहली बार अपने गृहनगर पहुंचे पुंछ के गुज्जर नेता चौधरी अब्दुल गनी का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। वहीं चौधरी गनी ने कहा कि वह वह पहले से अधिक समय लोगों के लिए देंगे।
लोगों की समस्या को हल करवाने के लिए संघर्ष करेंगे क्योंकि अब देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस भी उनके साथ है।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनावों में बतौर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर चुके गांव सरल के सरपंच चौधरी अब्दुल गनी ने करीब 15 हजार वोट लेकर पुंछ हवेली विधानसभा में तीसरा स्थान पाया था।
उसके बाद से ही उनके समर्थक उन्हें किसी राजनीतिक दल में शामिल का दामन थामने का आग्रह कर रहे थे। कुछ दिन पहले गनी ने जम्मू में अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया था।
उसके बाद मंगलवार को दोपहर को वह पहली बार पुंछ पहुंचे तो उनके साथ कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर, पार्टी प्रवक्ता एवं एमएलसी रविंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री मूला राम, पूर्व मंत्री शब्बीर खान, सुरनकोट के विधायक चौधरी अकरम और कई बडे़ नेता उनके साथ पुंछ के कृष्ण चंद्र पार्क पहुंचे तो वहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने कहा कि चौधरी गनी जैसे जमीन से जुडे़ नेता के कांग्रेस में आने से पार्टी को न सिर्फ पुंछ हवेली बल्कि पूरे पीरपंजाल क्षेत्र में लाभ मिलेगा।