पुंछ। जिला प्रशासन की तरफ कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए रोकथाम को लेकर किए जा रहे उपायों के बीच दुकानों के खुलने एवं बंद करने के समय में बदलाव किया गया है। पहले जिले में पांच दिन पूरा समय खुलने वाली सब्जियों, हलवाई, मांस एवं अंडों और बेकरी की दुकानें अब आज से सुबह 7 से दोपहर एक बजे तक खोले जा सकते हैं। किताबों, फोटो स्टेट, मनयारी की दुकानें सप्ताह में दो दिन सोमवार और बुधवार को सुबह सात से एक बजे तक खुलेंगी। कपड़ों की दुकानें दोपहर 1 से शाम 7 बजे तक खुलेंगी।
प्रशासन के इस आदेश से दुकानदारों और आम लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। इसको लेकर वीरवार को बाजारों का दौरा करने पहुंचे अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त बिशारत हुसैन और डीएसपी से कई दुकानदारों ने मुलाकात कर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासन की ओर से नए फैसले को बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुंछ नगर में ग्रामीण क्षेत्रों के ही लोग खरीदारी करने आते हैं। जो दो बजे घरों को लौट जाते हैं। ऐसे में 1बजे के बाद खुलने वाली दुकानों पर काम ही नहीं होगा। दूसरा आने वाले दिनों में ईद का त्योहार है जिसे लेकर लोगों को कई प्रकार की खरीदारी करनी है। इसलिए प्रशासन हफ्ते में तीन ही दिन दुकानें खोलने की अनुमति दे मगर पूरा दिन खोली जाए। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि वह इस बारे में जिला विकास आयुक्त से बात करेंगे। उन्होंने दुकानदारों से कोरोना महामारी की एसओपी को लागू करने को कहा।