पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने रविवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मेंढर के बालाकोट सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। सैन्य चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। पहले छोटे हथियारों से गोलाबारी की, फिर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत बनी रही। खेतों में काम कर रहे लोगों ने भागकर जान बचाई। सेना ने भी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
रविवार शाम करीब सवा तीन बजे पाकिस्तानी सेना ने बालाकोट सेक्टर में चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। सेना की तरफ से भी उसी क्रम में जवाब दिया गया। अचानक गोलाबारी शुरू होने से खेतों में काम कर रहे और मवेशियों को चरा रहे ग्रामीण भाग कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। उधर सेना की तरफ से पाकिस्तानी सेना की उन चौकियों पर मोर्टार बरसाए गए, जहां से पाकिस्तानी सेना गोलाबारी कर रही थी। देर शाम तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी थी।
--------
आईबी पर पाकिस्तान ने साढे़ छह घंटे की गोलाबारी
हीरानगर (कठुआ)। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर पाकिस्तान सीजफायर का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहा है। शनिवार रात साढ़े दस बजे से लेकर रविवार सुबह पांच बजे तक पाकिस्तान की 25 चिनाब रेंजर्स ने पप्पू चक पोस्ट से गोलाबारी कर बीएसएफ की चांदवा पोस्ट को निशाना बनाया। साढे़ छह घंटे की गोलाबारी के दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स ने मोर्टार के कई गोले भी दागे। इस दौरान पाकिस्तान की ओर से रिहायशी इलाकों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। हालांकि, इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। सीमा पर चल रहे सुरक्षा बांध के कार्य को बाधित करने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स बार-बार सीजफायर का उल्लंघन कर रहे हैं। बीएसएफ ने भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया।
-------
मीरां साहिब के गांव खावासका में मिला मोर्टार
मीरां साहिब (जम्मू)। जिले के मीरां साहिब थाना क्षेत्र के गांव खावासका में मोर्टार मिलने से लोगों में दहशत फैल गई। नायब सरपंच प्रवीण कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर गांव के कुछ युवकों ने गली में मोर्टार पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस और सेना को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची बम निरोधक दस्ते की टीम ने उसे कब्जे में ले लिया और निक्की तवी क्षेत्र में ले जाकर इसे निष्क्रिय कर दिया। नायब सरपंच ने कहा कि गांव में इस तरह से मोर्टार मिलना जांच का विषय है। थाना प्रभारी हरमोहिंदर सिंह ने बताया कि विशेष दस्ते ने मोर्टार को कब्जे में ले लिया है। इस मामले की जांच जारी है कि आखिर यह यहां कैसे पहुंचा।