पुंछ। पाकिस्तान की सेना ने पांच दिन बाद अपनी खामोशी तोड़ते हुए कीरनी, कसबा, शाहपुर और मनकोट सेक्टर में सेना की अग्रिमचौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों में गोलाबारी की। इस दौरान पहले हल्के और फिर बड़े हथियारों से गोलाबारी की गई। इससे नियंत्रण रेखा से सटे दर्जनों ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। पाकिस्तानी गोलाबारी का सेना ने भी जवाब दिया है। देर रात समाचार लिखे जाने तक नियंत्रण रेखा पर दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। लोग जान बचाने के लिए घरों अथवा बंकरों में चले गए।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम करीब 6.45 बजे पाकिस्तानी सेना ने कीरनी, कसबा और शाहपुर में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर पहले भारी मशीनगन से गोलीबारी की। कुछ ही पलों बाद मोर्टार दागने शुरू कर दिए। इसका सेना की तरफ से भी जवाब दिया गया। इन क्षेत्रों में गोलीबारी थमी ही नहीं थी कि करीब 7.45 बजे मेंढर की मनकोट तहसील में सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी गई। इसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। गौरतलब है कि पांच दिन पहले पाकिस्तानी सेना ने करमाड़ा क्षेत्र में देर रात गोलाबारी की थी, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी।
-------------
हीरानगर में आईबी पर भी गोलाबारी
हीरानगर। पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा। कई दिनों से गोलाबारी कर रहे पाकिस्तान ने मंगलवार रात से सुबह तक भी अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन कर साढ़े छह घंटे गोले दागे। सैन्य चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। बीएसएफ ने भी इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। मंगलवार रात साढ़े दस बजे से बुधवार सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी रेंजर्स ने बीएसएफ की चांदवा, फकीरा पोस्ट को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इस दौरान रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाने की कोशिश की गई। हालांकि इसमें किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।