पुंछ। पाकिस्तानी सेना ने वीरवार को मेंढर सब डिवीजन के बालाकोट क्षेत्र में सेना की चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इसमें सेना की 14 पंजाब रेजीमेंट के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सैन्य अस्पताल राजोरी भेजा गया।
सूत्रों के अनुसार बुधवार देर रात पाकिस्तानी सेना ने बालाकोट क्षेत्र और राजोरी जिले के तारकुंडी क्षेत्र में गोलीबारी शुरू की थी। इसका सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। वहीं वीरवार तड़के पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी के दौरान एक मोर्टार सेना की चौकी के पास आकर गिरा, जिसके टुकड़े लगने से वहां मौजूद नायब सूबेदार सतपाल और हवलदार धर्मपाल घायल हो गए। इन्हें मामूली चोटें आई हैं। दोनों को अन्य साथी जवानों ने मरहम-पट्टी कर मुख्यालय पहुंचाया। वहां से उन्हें सैन्य अस्पताल राजोरी भेज दिया गया। पाकिस्तान की ओर से पिछले कुछ दिनों से एलओसी पर लगातार गोलाबारी की जा रही है। बताते हैं कि गोलाबारी की आड़ में पाकिस्तान घुसपैठ की लगातार कोशिशें कर रहा है जिसे सेना के सतर्क जवान नाकाम बना रहे हैं।