पुंछ। पाकिस्तानी सेना की नापाक हरकतें सोमवार को भी जारी रहीं। उसने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए मनकोट सेक्टर में सेना की अग्रिम चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी की। सेना इसका मुंहतोड़ जवाब दे रही है। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। गोलाबारी इतनी जोरदार है कि उसके धमाके करीब 40 किलो मीटर दूर पुंछ नगर और आस पास केे क्षेत्रों तक सुनाई दे रही है। जानकारों का मानना है कि मनकोट में आर्टलरी/तोप खाने की गोलाबारी हो रही है। इस गोलाबारी से मनकोट एवं आस पास के ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक पाकिस्तानी सेना ने जिले के मनकोट सेक्टर में तैनात सेना की चौकियों के साथ ही नियंत्रण रेखा से सटे रिहाईशी इलाकों मनकोट,नाड़मनकोट,चोई मनकोट,दबराज,बलनोई एंव सागराज आदि को निशाना बना कर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। देर रात तक गोलाबारी जारी थी। गौरतलब है कि मार्च महीने में पिछले तीस दिनों से करीब करीब हर दिन पाकिस्तानी सेना की तरफ गोलाबारी की जा रही है।