-रात 1 बजे की घटना, सोमवार सुबह 9 बजे बहाल हुई बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। नगर में पहाड़ी पर स्थित वार्ड नंबर 2 की शेरे कश्मीर कॉलोनी में रविवार देर रात करीब 1 बजे अचानक बिजली की हाई टेंशन केबल में भयंकर आग लग गई। तार जलने से बिजली बंद होने से आधे शहर की बिजली करीब 8 घंटे तक बंद रही। दूसरे दिन सुबह बिजली बहाल हुई।
लोगों ने बताया कि जिस क्षेत्र में आग लगी थी, वहां तक सड़क संपर्क मार्ग नहीं है। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को नहीं बुलाया गया। पूरी केबल जलने पर आग खुद बुझ गई। आग का कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर विभाग के अधिकारियों को भेजा। सोशल मीडिया पर भी वायरल किया। इसके बाद सोमवार सुबह बिजली कर्मचारियों ने केबल को बदल कर सुबह करीब 9 बजे बिजली बहाल की। वहीं, विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग के कारण ही केबल में आग लगी है। बार-बार लोगों से अवैध रूप से बिजली उपकरण हीटर और बायलर आदि प्रयोग न करने का आग्रह करते हैं, परंतु इसके बावजूद इन उपकरणों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे ओवरलोड होने पर तारें गर्म होकर आग पकड़ लेती हैं।