पुंछ। जम्मू-कश्मीर पुलिस के सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत शनिवार को जिला पुलिस ने जिले के 33 विद्यार्थियों को भारत दर्शन दौरे पर भेजा। एसएसपी पुंछ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सुबह के समय पुलिस लाइन पुंछ में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें भारत दर्शन दौरे पर जाने वाले जिले के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता डीएसपी हेडक्वार्टर पुंछ कुलदीप कुमार शर्मा ने की जबकि एसएसपी पुंछ युगल मनहास इसके मुख्य अतिथि रहे। एसएसपी पुंछ ने विद्यार्थियों को देश के ऐतिहासिक और पर्यटक स्थलों का दौरा करके अपने ज्ञान को समृद्ध करने, देश की महानता, इसकी एकता और विविधता को आत्मसात करने की सलाह दी। चाय नाश्ते के उपरांत एसएसपी ने झंडी दिखा कर विद्यार्थियों की बस को रवाना किया। मनहास ने बताया कि यह दौरा जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा आयोजित किया गया है। इसमें अगले पांच दिनों में विद्यार्थियों को हवाई जहाज के माध्यम से जम्मू से दिल्ली और दिल्ली से बंगलूरू ले जाया जाएगा। वहां वे ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के साथ ही बड़े बड़े संस्थानों का भ्रमण करेंगे।