पुंछ। मेंढर पुलिस ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर कोआपरेटिव बैंक की मेंढर शाखा के पूर्व मैनेजर (रिटायर्ड) अब्दुल करीम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ लोगों की तरफ से कई शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। आरोपी पूर्व मैनेजर पर लोगों के करीब 3 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेंढर क्षेत्र के कई लोगों की शिकायत आई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि कोआपरेटिव बैंक में जमा किए गए पैसे उनके खातों में नहीं डाले गए, जबकि उन्हें बैंक मैनेजर की तरफ से पैसे जमा कराने की नकली रसीदें भी जारी की गई हैं। उधर पीड़ितों का कहना है कि उन्हें रसीदें मिलती रहीं। मैनेजर रिटायर हो चुका है और अब खाते जांच रहे हैं तो उनमें पैसे ही नहीं हैं। वहीं बैंक के वर्तमान मैनेजर का कहना है कि लोगों के करीब तीन करोड़ रुपये उड़ाए गए हैं, जिन्हें बैंक में जमा नहीं कराया गया है।