पुंछ। महान सिख योद्धा बाबा दीप सिंह का जन्म दिवस सोमवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में नगर स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में सिख संगत ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंद्रजीत सोनू एवं जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव हरचरण सिंह ने की।
सर्वप्रथम गुरुद्वारे में तीन दिनों से चल रहे गुरुग्रंथ साहिब के अखंडपाठ का भोग डाला गया। इसके उपरांत कीर्तन दरबार सजाया गया। इसमें जिले के जाने माने रागी जत्थों ने शबद गायन करते हुए संगत को निहाल किया। इस अवसर पर सिख विद्वानों ने बाबा दीप सिंह के जीवन, सिखी के प्रचार में उनके योगदान एवं बलिदान पर विचार प्रकट करते हुए कहा कि बाबा दीप सिंह महान योद्धा थे, जिन्होंने अपने कटे सिर को हथेली पर रखकर दुश्मन को मौत के घाट उतारते हुए हरमंदिर साहिब के द्वार तक पहुंचे थे। इस अवसर पर गुरु के लंगर का भी आयोजन किया गया। संवाद