पुंछ। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बावजूद आम लोगों की तरफ से सरकार की तरफ से जारी निर्देशों की अनदेखी की जा रही है। इसको लेकर विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षा के लिए जागरूक किया। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों निशू गुप्ता, सोरभ सूदन, अमित गुप्ता की अगुवाई में दर्जनों कार्यकताओं ने नगर के बाजारों में बिना मास्क के घूम रहे लोगों को रोक कर उन्हें मास्क पहनने के लाभ बताने के साथ ही उन्हें मास्क प्रदान किए। बाजारों, बस अडडे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर यहां-वहां थूकने वालों को ऐसा न करने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए बार-बार साबुन से हाथ धोने, बिना हाथ धोए आंख, नाक, कान व मुंह को न छूने, हाथों को सैनिटाइज करने और एक दूसरे से तीन गज की दूरी बनाए रखने का आह्वान किया।