-गुरुद्वारा साहिब के बाहर धमाके के चौथे दिन भी नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही
पुंछ। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव कनूईयां टॉप क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम संदिग्धों की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने साझा तलाशी अभियान शुरू किया। अभियान देर रात्रि समाचार लिखे जाने तक जारी था।
वहीं दूसरी तरफ सुरक्षाबलों की तरफ से नगर में विस्फोट के चौथे दिन भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। इस दौरान सुरक्षाबलों के जवान मुख्य मार्गों पर नाके लगा कर वाहनों की जांच करते दिखाई दिए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम करीब साढ़े छह बजे सुरक्षाबलों को गांव कनूईयां टाप में संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद एसओजी, पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की तरफ से तत्काल कनूईयां टाॅप में तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में सुरक्षाबलों के जवान आधुनिक हथियारों के साथ लैस होकर अंधेरे में ही क्षेत्र को खंगालने में जुटे रहे।