पुंछ। मेंढर में पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भाटादूड़ियां और नाढ़खास के जंगलों में शनिवार को लगातार तीसरे दिन भी सेना की तरफ से भाटादूडियां से तोता गली तक के क्षेत्र में दिन भर तलाशी अभियान जारी रखा गया। करीब आठ किलोमीटर के जंगलों की घेराबंदी की गई है। शनिवार सेना ने जंगल में कुछ समय तक गोलीबारी के साथ रॅाकेट भी दागे। पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बींबर गली से लेकर जड़ांवाली गली तक आवाजाही के लिए करीब छह घंटे बंद रखकर शाम को बहाल किया गया।
राजमार्ग बंद होने से पुंछ, मंडी, सुरनकोट की तरफ से जम्मू जाने वाले वाहनों को जड़ांवाली गली से गुरसाई, हरनी, अढ़ी से धारघलुन के रास्ते भेजे जाने से तंग सड़क के कारण जाम का भी सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि वीरवार को सेना की तरफ से जिले के पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित भाटादूड़ियां और नाढ़खास के जंगलों में महा तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान दोपहर को जंगल में आतंकियों के मौजूद होने की आशंका के चलते गोलाबारी की गई थी। शुक्रवार देर शाम सेना ने पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बंद करने के साथ ही जंगल में भारी गोलीबारी की थी। शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे सेना ने राजमार्ग की आवाजाही रोक दी। गोलाबारी के साथ दिन भर सेना ने खोजी कुत्तों के सााि तलाशी अभियान चलाया।