पुंछ जिले के गांव मंगनाड में कृषि विभाग के जागरूकता शिविर में किसानों को संबोधित करते अधिकारी
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिला कृषि विभाग की तरफ से सोमवार को गांव मंगनाड़ में कृषक उत्पादक संगठन पर जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। शिविर की अध्यक्षता क्षेत्र कृषि विस्तार अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने की। जबकि जिला कृषि अधिकारी अरविंद कुमार बडू मुख्य अतिथि रहे।
विभाग के डॉ. आंशू बनोत्रा बतोर एक्सपर्ट पहुंचे और किसानों को सरकार की तरफ से उनके विकास के लिए चलाई जाने वाली अन्य योजनाओं के साथ ही कृषक उत्पादक संगठन के बारे में जागरूक किया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों को उनके उपज को अपनी मर्जी से कहीं भी किसी भी मंडी में बेचने की छूट दी गई है इसके साथ ही सहकारिता के आधार पर कृषक उत्पादक संगठन के गठन की योजना को शुरू किया है। इसके अंतर्गत अन्य क्षेत्रों की तरह मंगनाड़ में भी एक संगठन का गठन किया है। इसका कृषि विभाग के साथ पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद मंगनाड़ के सभी किसानों का विशेष उपज सब्जी को एक स्थान पर एकत्र किया जाएगा। जहां से संगठन का एक पदाधिकारी उसकी मांग के अनुसार स्थान पर बिक्री करेगा। सरकार की तरफ से कृषि विभाग को एक रेफ्रीजरेटर वाहन भी प्रदान किया है। इसके माध्यम से कृषक उत्पादक संगठन बिना कृत्रिम खाद्य के उगाई गई सब्जियां मंडी तक पहुंचा कर उनके उचित दाम प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा संकेंगे। शिविर आयोजन को लेकर किसानों ने अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाओं से उन्हें काफी लाभ प्राप्त होगा।