पुंछ। कश्मीर घाटी के पट्टन में शुक्रवार रात आतंकियों की ओर से की गई भाजपा के सरपंच मंजूर अहमद बांगरू की हत्या और कश्मीर में लगातार हो रही बेगुनाहों की हत्या को लेकर शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान सरकार का पुतला फूंका। इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान को आतंकवाद बंद करने और आतंकियों को बेगुनाह कश्मीरियों की हत्याएं बंद करने की नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें सजा जरूर मिलेगी। आतंकियों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। शनिवार शाम नगर स्थित बस अड्डे के पास भारतीय जनता युवा मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ता जिला प्रधान अमन डाबर की अगुवाई में एकत्र हुए और आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अमन डाबर ने कहा कि मोदी हुकूमत में सुरक्षा बलों की ओर से ढेर किए जाने से बचे आतंकी बौखलाहट का शिकार हैं, जो पाकिस्तान की शह पर कभी अल्पसंख्यकों को तो कभी निहत्थे बेगुनाह कश्मीरियों पर हमले कर रहे हैं। मगर आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद