पुंछ। यूथ नेशनल कांफ्रेंस के प्रांतीय अध्यक्ष एवं पुंछ हवेली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एजाज अहमद जान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपायुक्त इंद्रजीत से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें जन समस्याओं को दूर करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने शीतकालीन माह के मद्देनजर खाद्य आपूर्ति, रसोई गैस का पर्याप्त मात्रा में दूर दराज एवं पहाड़ी क्षेत्रों जहां अधिक बर्फ गिरती है, भंडारण करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने, सर्दी की शुरुआत को देखते हुए हिमपात से पहले मशीनरी और कर्मचारियों को अलर्ट पर रखने की मांग की। एजाज अहमद जान ने डॉक्टरों की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने मांग की कि डॉक्टरों के साथ-साथ पैरामेडिक्स के सभी पदों को तुरंत भरा जाए। उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की बातों को सुना और मुद्दों पर ध्यान देने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधि मंडल में बाग हुसैन राठौर, अब्दुल रजाक सरपंच, पीर शमीम, शमीम एम अहमद नायब सरपंच, बशीर नाइक, मुबशर बंदे, इम्तियाज बंदे, मोहम्मद अफजल, अब्दुल जबर तांतरी, राजू ठाकुर, सुखदेव सिंह, प्रविंदर सिंह शामिल थे।