पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील में सोमवार को एक टाटा मैजिक ऑटो हादसे का शिकार हो गया, जिसमें छह यात्री घायल हो गए। घायलों को मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन उप जिला अस्पताल पहुंचाया। दो की हालत गंभीर थी इसलिए उन्हें जीएमसी राजोरी के लिए रेफर कर दिया।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे सुरनकोट तहसील मुख्यालय से गांव बफलियाज की तरफ जा रहा टाटा मैजिक ऑटो नंबर जेके12 2240 बीच रास्ते में दराबा गांव के आगे रत्तीपास के पास हादसे का शिकार हो गया। उसमें सवार छह यात्री घायल हो गए। हादसे का पता चलते ही आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सुरनकोट अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य चार घायलों का सुरनकोट अस्पताल में उपचार जारी है।
घायलों की पहचान हाफिज खान (25) पुत्र इकबाल खान निवासी बफलियाज, मोहम्मद नसीर (29) पुत्र वजीर हुसैन निवासी सुरनकोट, मोहम्मद नरोल (25) पुत्र मेहर दीन निवासी बिहार, मोहम्मद सराज (23) पुत्र लाल दीन निवासी बिहार, मोहम्मद आलम (24) पुत्र मोहम्मद सैयद निवासी बिहार और मुख्तियार अहमद (40) पुत्र मुशताक अहमद निवासी तराड़ांवाली के रूप में हुई है। पुलिस ने इस हादसे के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में बीएमओ डॉक्टर जुल्फकार अली ने बताया कि उनके पास हादसे में घायल छह लोगों को लाया गया था, जिनमें से दो को जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया है। बाकी की हालत खतरे से बाहर है।