पुंछ। नगर से करीब 12 किलो मीटर दूर जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलाई क्षेत्र में वीरवार देर रात बस और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया। घायलों की पहचान केशव वर्मा (27) पुुत्र कैलाश वर्मा और अभिनाश पुत्र मोहन लाल दोनों निवासी मेंढर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वीरवार रात करीब नौ बजे पुंछ की तरफ से सुरनकोट के रास्ते बाइक पर मेंढर जा रहे दो युवक कलाई के पास जम्मू से पुंछ आ रही वीडियो कोच बस नम्बर (जेके02 एजी 8547) के साथ टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल के दोनों पहिए आपस में चिपक गए और उस पर सवार दोनों युवक बस के अगले भाग में फंस गए। जिस समय हादसा हुआ उस समय एएसपी पुंछ खलिद अमीन सुरनकोट की तरफ से पुंछ आ रहे थे। उन्होंने तुरंत घायलों को पुलिस की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। उधर, राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल की डॉ. रूबीना कोसर के अनुसार घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया, दोनों की हालत काफी नाजुक थी।