मंडी तहसील के गांव बुराड़ी में रीछ के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप घायल।
पुंछ। मंडी तहसील के गांव बुराड़ी में रीछ के हमले में एक ग्रामीण गंभीर रूप घायल हो गया। परिजनों ने कड़े प्रयास से रीछ से छुड़वा कर मंडी और वहां से राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पुंछ पहुंचाया। जहां पर उसकी दोनों टांगों पर रीछ के काटने के गहरे जख्मों पर करीब साठ टांगे लगाए गए। घायल की पहचान मोहम्मद यूसुफ (56) पुत्र अली मोहम्मद हाशू दीन निवासी गांव गगड़िया तहसील मंडी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब आठ बजे गांव गगड़ियां निवासी मोहम्मद यूसुफ गांव बुराड़ी स्थित डोक से पैत्रिक गांव की तरफ लौट रहा था। इस बीच एक रीछ ने उस पार हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले कि रीछ उसको जान से मारे यूसुफ ने रीछ से टांगे छुड़ाकर नाले में छलांग लगा दी। इसके बाद उसे कुछ लोगों ने वहां से उसे उठा कर सड़क तक पहुंचाया और उसके परिजनों को जानकारी दी। परिजन उसे पहले निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां उसका उपचार करने वाली डॉक्टर रूबीना कौसर के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है। घायल के पुत्र मोहम्मद रियाज का कहना है कि उनके इलाके में आए दिन रीछ ग्रामीणों और मवेशियों पर हमले करते हैं। कई मवेशी मारे गए हैं और कई लोगों दिव्यांग हो गए हैं। वाइल्ड लाइफ विभाग कुछ नहीं करता है। वह कभी हमारी तरफ आते भी नहीं हैं।