पुरमंडल। पुरमंडल से जम्मू जा रही बस (जेके02बीएच 0046) की रोड पर खड़े ट्रक से टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बस पुरमंडल से जम्मू जा रही थी। बाड़ी ब्राह्मणा के किक्री मोड़ के करीब औद्योगिक क्षेत्र के पास सड़क पर खड़े ट्रक के साथ टक्कर हो गई। हादसे में बस के दरवाजे के पास खड़े सुनील कुमार (23) को गंभीर चोटें पहुंचीं। पुरमंडल की कटवलता पंचायत के रहने वाले सुनील को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बता दें, सुनील कुमार एक गरीब परिवार से था। उसके पिता दिहाड़ी लगाते हैं। हादसे के समय सुनील कुमार फैक्ट्री में काम करने जा रहा था। सुनील कुमार की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल पैदा हो गया है। पता चला है कि सुनील कुमार की अगले महीने शादी होने वाली थी। स्थानीय निवासी राज कुमार, राकेश कुमार, पुरुषोत्तम लाल ने कहा कि पुरमंडल-उत्तर वहनी रोड पर हमेशा यात्री वाहन ओवरलोड चलते हैं। पता चला है कि हादसाग्रस्त बस में भी बहुत सवारियां थीं, जिसकी वजह से बस अनियंत्रित होकर रोड पर खड़े ट्रक के साथ जा टकराई।