मेंढर और मनकोट सेक्टर में बाड़ के आगे गोलद टॉप, छज्जा व पत्थरी के जंगलों में लगी आग
बारिश न होने से सूखी चीड़ की पत्तियां बनीं आग फैलने की वजह, अग्रिम चौकियों पर सेना सतर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। जिले के उपजिला मेंढर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे बालाकोट सेक्टर के अग्रिम जंगलों के साथ ही बुधवार को कई अन्य क्षेत्रों के जंगलों में भी भीषण आग भड़क उठी। देर रात समाचार लिखे जाने तक आग लगातार धधक रही थी और इसकी लपटें व धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
जानकारी के अनुसार, मेंढर और मनकोट सेक्टर में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर लगी तारबंदी (बाड़) के आगे स्थित गोलद टॉप, छज्जा और पत्थरी के जंगलों में बुधवार तड़के नई आग लग गई। वहीं, बालाकोट सेक्टर के जंगलों में पिछले तीन दिनों से आग लगी हुई है। एलओसी पर फेंसिंग के आगे बारूदी सुरंगों और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाला क्षेत्र होने के कारण आग पर काबू पाना बेहद कठिन साबित हो रहा है।
आग की भयावहता को देखते हुए अग्रिम इलाकों में तैनात सेना पूरी तरह सतर्क हो गई है। जवान अपने शिविरों और चौकियों के आसपास आग को फैलने से रोकने के लिए फायर लाइन बनाने सहित अन्य एहतियाती प्रयास कर रहे हैं। वन विशेषज्ञों और स्थानीय जानकारों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से बारिश न होने के कारण सूखा पड़ा है। जंगलों में भारी मात्रा में गिरे चीड़ के सूखे पत्ते (जिन्हें स्थानीय भाषा में समुथर कहा जाता है) जमा होने से आग तेजी से विकराल रूप धारण कर रही है।