पुंछ (ब्यूरो)। बिजली विभाग में कई साल से बतौर दिहाड़ीदार अथवा नीड बेस के तौर पर काम कर रहे कर्मचारियों ने वीरवार को अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्य रूप से नियमित वेतन देने, सात वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके नीड बेस कर्मचारियों को स्थायी करने और केजुअल लेबर को दिहाड़ीदार बनाने की मांग उठाई गई। विभाग के मुख्य कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने हुए प्रदर्शनकारियों ने विभाग के उच्च अधिकारियों और राज्य सरकार पर कर्मचारियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूरी मेहनत करने के बाद भी उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता है। विद्युत विभाग के मुख्य कार्यालय पर दर्जनों नीडबेस दिहाड़ीदार और केजुअल लेबर कर्मचारियों ने मो. फारूक, मुनीर अहमद और शबीर हुसैन की अगुवाई में प्रदर्शन किया।