राजोरी। कालाकोट के मोगला में कोयले की खान में काम करने वाले एक मजदूर की मौत ट्राली के नीचे आ जाने से हो गई। हादसे के बाद गुस्साए अन्य मजदूरों ने कामकाज बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने मजदूर के बेटे को सरकारी नौकरी, दस लाख रुपये मुआवजा और पेंशन की मांग की।
जानकारी के अनुसार सूरम चंद मोगाला के जेके कोल माइन में काम करता था। शुक्रवार को वह ट्राली में कोयला भर रहा था कि अचानक ट्राली के नीचे आ गया। लोगों ने उसे ट्राली के नीचे से निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। मजदूर की मौत से भड़के लोगों ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।
इसके बाद कालाकोट के तहसीलदार, कालाकोट, धर्मसाल और तरयाट के एसएचओ मौके पर पहुंचे। लोगों ने कहा कि कोल माइन में लगी हुई मशीनें खराब हो गई है। माइन में लगा यंत्र काफी पुराना है। यहां काम करना सुरक्षित नहीं है। कई बार इस बाबत आवाज उठाई गई। लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसका नतीजा यह निकला कि एक मजदूर की जान चली गई। वहीं मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जिला विकास आयुक्त के पास पहुंचाया जाएगा। लोगों ने करीब पांच घंटे कोल माइन के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया।